नई दिल्ली।
दिल्ली की बिगड़ती हवा अब केवल आम लोगों के लिए ही नहीं, बल्कि देश के वरिष्ठ नेताओं के स्वास्थ्य के लिए भी गंभीर खतरा बनती जा रही है। सोमवार रात कांग्रेस की वरिष्ठ नेता और संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी को सांस लेने में तकलीफ के बाद दिल्ली के सर गंगाराम अस्पताल में एहतियातन भर्ती कराया गया।

सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, 89 वर्षीय सोनिया गांधी को सोमवार रात करीब 10 बजे अचानक सांस लेने में परेशानी महसूस हुई, जिसके बाद उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों का कहना है कि दिल्ली में जारी भीषण ठंड और खतरनाक वायु प्रदूषण के कारण उनकी पुरानी बीमारी फिर से सक्रिय हो गई।
अस्पताल प्रशासन द्वारा जारी हेल्थ बुलेटिन में बताया गया है कि सोनिया गांधी को पहले से ब्रोंकियल अस्थमा की समस्या है। ठंड और बढ़ते प्रदूषण के कारण उनकी स्थिति कुछ समय के लिए बिगड़ी, लेकिन फिलहाल उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है। डॉक्टरों की एक विशेषज्ञ टीम लगातार उनकी निगरानी कर रही है।
डॉक्टरों ने उन्हें एंटीबायोटिक्स और सहायक दवाओं पर रखा है, जिसका वह सकारात्मक असर दिखा रही हैं। अस्पताल सूत्रों के मुताबिक यह भर्ती पूरी तरह से एहतियाती कदम है और स्थिति में सुधार होने पर उन्हें जल्द छुट्टी दी जा सकती है।
गौरतलब है कि दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) इन दिनों गंभीर श्रेणी में बना हुआ है, जिससे बुजुर्गों और सांस संबंधी रोगियों को खास सतर्कता बरतने की सलाह दी जा रही है। अस्पताल के बाहर कांग्रेस समर्थकों की मौजूदगी बनी हुई है और सभी उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं।
इस खबर पर आपकी क्या राय है? नीचे कमेंट बॉक्स में जरूर बताएं।
ऐसी ही ताज़ा और भरोसेमंद खबरों के लिए जुड़े रहिए 4M Today TV के साथ।













